सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त, नियमों का उल्लंघन करने वालों से वसूला गया जुर्माना
सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अभियान रहेगा जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : चाईबासा में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुफस्सिल थाना पुलिस ने सोमवार देर शाम सरायकेला मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी विनोद कुमार ने किया। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। जांच अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं पाए गए या जिन्होंने नियमों का उल्लंघन किया, उनसे नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : महिला कॉलेज चाईबासा में हूल दिवस पर वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक
अभियान के दौरान थाना प्रभारी विनोद कुमार ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना जरूरी है। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग अपने वाहन से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज हमेशा साथ रखें और वाहन को निर्धारित गति सीमा के भीतर ही चलाएं। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों के लिए भी खतरा बन सकता है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : Rajnagar : राजनगर में भीषण सड़क हादसा, मालवाहक वाहन की टक्कर से महिला की मौत
ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी
जांच अभियान के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव की भी विशेष जांच की गई। इस क्रम में एक वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया, जिसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया गया तथा नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है और ऐसे मामलों में चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
























