टाटा कॉलेज और कोल्हान विश्वविद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की उठी मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : टाटा कॉलेज चाईबासा और Kolhan University परिसर स्थित मल्टीपरपज हॉल में आयोजित सरकारी कार्यक्रमों के बाद फैलने वाली गंदगी को लेकर छात्रों में नाराजगी बढ़ गई है। इस मुद्दे पर कोल्हान छात्र संघर्ष समिति ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। समिति का आरोप है कि मल्टीपरपज हॉल में समय-समय पर विभिन्न सरकारी कार्यक्रम, बैठकें और समारोह आयोजित किए जाते हैं, लेकिन कई अवसरों पर कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को इसकी पूर्व सूचना या अनुमति नहीं दी जाती। इससे शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में बाधा उत्पन्न होती है और विद्यार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। छात्रों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा बनाए रखने के लिए कार्यक्रमों के आयोजन में समन्वय और पारदर्शिता जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : नोवामुंडी में विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, घर लौटने के कुछ घंटे बाद हुई घटना
कार्यक्रमों के बाद परिसर में छोड़ दिया जाता है कचरा, छात्रों ने दिखाई तस्वीरें
समिति ने ज्ञापन में कहा है कि सरकारी कार्यक्रमों के समापन के बाद परिसर, मैदान और मल्टीपरपज हॉल के आसपास बड़ी मात्रा में कचरा छोड़ दिया जाता है। डिस्पोजेबल प्लेट, प्लास्टिक ग्लास, पानी की बोतलें और अन्य अपशिष्ट सामग्री कई दिनों तक परिसर में पड़ी रहती हैं, जिससे स्वच्छता प्रभावित होती है। छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को इससे परेशानी झेलनी पड़ती है। समिति की ओर से 21 जून 2026 को आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के बाद परिसर में फैली गंदगी के फोटोग्राफ भी उपायुक्त को सौंपे गए हैं। छात्रों का कहना है कि इस प्रकार की स्थिति स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों के विपरीत है तथा इससे संस्थान की छवि भी प्रभावित होती है।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : दंतैल हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, परिवार में पसरा मातम
भविष्य में लिखित अनुमति और सफाई की जिम्मेदारी तय करने की मांग
कोल्हान छात्र संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में किसी भी सरकारी कार्यक्रम के आयोजन से पहले संबंधित कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखित सूचना एवं अनुमति दी जाए। साथ ही कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिसर, मैदान और मल्टीपरपज हॉल की साफ-सफाई की जिम्मेदारी आयोजनकर्ता विभाग को सौंपी जाए, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में छात्र नेता एवं झामुमो छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष Sanatan Pingua, पीपुन बारीक, अनुज पुरती, शिवशंकर बेहरा, मिलन पान, मोटाई कोंडानकेल, कृष्णा तिरिया, मदन पूर्ति, सलमान हेम्ब्रम, आरस महतो, सुखदेव गोप, रामाय तमसोय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल थे।























