कांग्रेस ने प्रेसवार्ता कर परीक्षा प्रणाली और भर्ती प्रक्रियाओं पर उठाए सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने कहा कि देश के करोड़ों युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भविष्य संवारना चाहते हैं, लेकिन लगातार हो रही अनियमितताओं ने उनके सपनों पर गंभीर असर डाला है। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। प्रेसवार्ता का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल के निर्देश तथा प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के मार्गदर्शन में किया गया।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : भाजपा ने मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, श्रद्धांजलि के साथ किया पौधारोपण
नीट और यूजीसी-नेट जैसी परीक्षाओं का किया उल्लेख
राकेश तिवारी ने कहा कि नीट, यूजीसी-नेट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताएं यह दर्शाती हैं कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में केंद्र सरकार विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों सरकारी पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन नियुक्ति प्रक्रियाएं समय पर पूरी नहीं हो रही हैं। इससे शिक्षित युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की जरूरत है। कांग्रेस का मानना है कि परीक्षा और नियुक्ति प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नव नियुक्त 90 लोको पायलटों को आपदा प्रबंधन और फायर सेफ्टी का प्रशिक्षण
दोषियों पर कार्रवाई और रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा सभी रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की। प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, वरिष्ठ कांग्रेसी लाल बहादुर सिंह, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संदीप सन्नी देवगम तथा कार्यालय सचिव सुशील दास सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
























