75 पुड़िया ब्राउन शुगर, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद, पुलिस नेटवर्क की जांच में जुटी
ब्राउन शुगर के साथ खरीदार भी पुलिस के हत्थे चढ़ा
24 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों की गिरफ्तारी
सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय ब्राउन शुगर तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 8 जुलाई को दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए कुल पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 75 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गांजा, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसने यह सफलता हासिल की।
इसे भी पढ़ें : Gua : बायोमेट्रिक अटेंडेंस विवाद पर CGIT कोर्ट में सुनवाई, सेल प्रबंधन की अनुपस्थिति पर अगली तिथि 6 अगस्त तय
पुराना बस्ती में छापेमारी कर तीन आरोपियों को दबोचा
पहली कार्रवाई चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 76/26 के तहत पुराना बस्ती क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास कर रहे शेखर सुमन साहु और शुभम वर्मण को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान शेखर सुमन साहु के पास से करीब 11.1 ग्राम ब्राउन शुगर की 40 पुड़िया तथा शुभम वर्मण के पास से करीब 2 ग्राम ब्राउन शुगर की 10 पुड़िया बरामद हुई। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त TVS Radeon मोटरसाइकिल (JH06N-4747) भी जब्त की गई। जांच के दौरान ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे आशीफ शेख उर्फ बंगला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे।
इसे भी पढ़ें : Gua : नाबालिग को बाइक देना पड़ा महंगा, वाहन मालिक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना
पोर्टरखोली में दूसरी कार्रवाई, दो और तस्कर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 77/26 के तहत पोर्टरखोली इलाके में की गई। यहां पुलिस ने अभिषेक प्रामाणिक उर्फ अण्डा और मुकेश राम रवि उर्फ बम्बा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभिषेक प्रामाणिक के पास से करीब 3.5 ग्राम ब्राउन शुगर की 24 पुड़िया तथा मुकेश राम रवि के पास से 0.15 ग्राम ब्राउन शुगर की एक पुड़िया बरामद हुई। दोनों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस का मानना है कि ये आरोपी क्षेत्र में सक्रिय बड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं और लंबे समय से युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन, विधायक समीर मोहंती ने बांटे सर्टिफिकेट
संगठित नेटवर्क की जांच तेज, पुलिस ने मांगी जनता की मदद
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आपस में जुड़े हुए थे और चक्रधरपुर में संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चला रहे थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों में शेखर सुमन साहु, शुभम वर्मण, आशीफ शेख उर्फ बंगला, अभिषेक प्रामाणिक उर्फ अण्डा और मुकेश राम रवि उर्फ बम्बा शामिल हैं। छापेमारी दल में डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, अवधेश कुमार, आकाश कुमार, रंजीत उरांव, राजकिशोर तिवारी, बिरबल चौबे, दिलीप कुमार, अजीत कुमार महतो, बागुन गुन्दुवा, सुधीर कुमार प्रधान और ऐरिक डुंगडुंग शामिल थे। पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना निकटतम थाना, डायल-112 अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।























