- 5 मई को बैठक के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेल खदान क्षेत्र में सोमवार को 12 गांव के मुंडा मानकी के बैनर तले 500 बेरोजगार युवाओं की बहाली की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया गया। सुबह 4 बजे से शुरू हुआ यह आंदोलन पूरे क्षेत्र में व्यापक रूप से प्रभावी रहा, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। आंदोलनकारियों ने स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर सख्त रुख अपनाया, जिससे यातायात और जनजीवन पर खासा असर पड़ा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : महिला आरक्षण विधेयक पर सियासत तेज, भाजपा ने कांग्रेस-इंडी गठबंधन पर साधा निशाना
प्रशासन और प्रबंधन से कई दौर की वार्ता
चक्का जाम को समाप्त कराने के लिए सेल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन द्वारा आंदोलनकारियों के साथ कई दौर की बातचीत की गई, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। वार्ता विफल होने के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में ब्लॉक वेलफेयर ऑफिसर विनोद कुमार की अध्यक्षता में आंदोलन स्थल पर पुनः बैठक हुई, जिसमें प्रशासन और प्रबंधन ने आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया और उनकी मांगों पर विचार करने का भरोसा दिलाया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : धालभूमगढ़ में डालसा का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को मिली कानूनी जानकारी
लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन
अंततः सहमति बनी कि 5 मई को सेल के सीएसआर क्षेत्र के 18 गांवों के मुंडा मानकी के साथ एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। सेल प्रबंधन द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलनकारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। यह जाम करीब साढ़े 12 घंटे तक चला और शाम 4:30 बजे खत्म हुआ। बैठक में प्रशासन, पुलिस और सेल प्रबंधन के कई अधिकारी मौजूद रहे।


























