अनुकंपा नियुक्ति और पारिवारिक लाभ योजना को लेकर हुई चर्चा
प्रबंधन ने नियमों के तहत कार्रवाई का दिया आश्वासन, यूनियन-प्रबंधन वार्ता से निकला समाधान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेल खदान में आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग को लेकर चल रहा चक्का जाम सोमवार देर शाम वार्ता के बाद समाप्त हो गया। सुबह स्थगित हुई सुलह प्रक्रिया शाम चार बजे पुनः शुरू हुई, जिसमें यूनियन प्रतिनिधियों और सेल प्रबंधन के बीच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। वार्ता के दौरान सेल प्रबंधन ने जानकारी दी कि अधिकारियों के सर्वोच्च निकाय एसईएफआई ने इस मामले को अपने स्तर पर संज्ञान में लिया है और प्रबंधन के साथ इस संबंध में विचार-विमर्श कर रहा है। यूनियन की ओर से मांग रखी गई कि मृतक कर्मचारी की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति अथवा पारिवारिक लाभ योजना में से किसी एक विकल्प को चुनने का अधिकार दिया जाए। इस पर प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि मृतक कर्मचारी की पत्नी अपनी इच्छा के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं, जिसके बाद सक्षम प्राधिकारी लागू नियमों और प्रावधानों के तहत उसकी जांच कर उचित निर्णय लेगा।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : भारी बारिश से कुड़चांग नदी उफान पर, घागदा-मारांगसोंगा गांवों का संपर्क टूटा
अनुकंपा नियुक्ति पर नियमों के तहत होगा निर्णय
वार्ता के दौरान प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुकंपा नियुक्ति और पारिवारिक लाभ योजना दोनों का लाभ एक साथ नहीं दिया जा सकता। नियमों के अनुसार लाभार्थी को उपलब्ध विकल्पों में से किसी एक का चयन करना होगा। चर्चा के अंत में सेल प्रबंधन ने यूनियन से चल रही हड़ताल और चक्का जाम समाप्त करने का अनुरोध किया, जिस पर यूनियन नेताओं ने सहमति जताई। इसके बाद गुवा सेल खदान में चल रहा आंदोलन समाप्त कर दिया गया और कार्य सामान्य होने का रास्ता साफ हो गया। बैठक में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के रामा पांडे, सारंडा मजदूर यूनियन के निर्मलजीत सिंह, झारखंड मजदूर मोर्चा के पंचम जॉर्ज सोय, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के विश्वजीत तांती, सीटू के राकेश कुमार तथा इंटक के तुफान घोष मौजूद रहे। वहीं प्रबंधन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार और महाप्रबंधक अर्नब डे ने वार्ता में भाग लिया।



























