सारंडा के जोजोगुटू गांव में मिट्टी का घर धराशायी, प्रभावित परिवार ने प्रशासन से सहायता की लगाई गुहार
प्रभावित परिवारों को राहत देने की उठी मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब परिवारों पर साफ दिखाई देने लगा है। छोटानागरा पंचायत के जोजोगुटू गांव निवासी भीमसेन सांडिल का मिट्टी से बना कच्चा मकान बारिश के कारण अचानक ढह गया। बताया जाता है कि कई दिनों से हो रही लगातार वर्षा के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। सोमवार को तेज बारिश के बीच घर अचानक धराशायी हो गया। घटना के बाद परिवार के सदस्यों के सामने रहने और दैनिक जीवन यापन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बरसात के मौसम में खुले आसमान के नीचे रहने की स्थिति ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है। घर के अंदर रखा घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल में चक्का जाम समाप्त, वार्ता के बाद हड़ताल खत्म करने पर यूनियन सहमत
लगातार बारिश से कमजोर हुई थीं मकान की दीवारें
ग्रामीणों के अनुसार, जोजोगुटू गांव में बारिश के कारण कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले गांव के मुंडा कानूराम देवगम की मां चंपू देवगम का घर भी भारी बारिश की वजह से ढह गया था। लगातार हो रही वर्षा से गांव के कई अन्य मिट्टी और खपरैल के मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो और भी परिवार प्रभावित हो सकते हैं। गांव के लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर जोखिम वाले मकानों की पहचान करने और समय रहते आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : भारी बारिश से कुड़चांग नदी उफान पर, घागदा-मारांगसोंगा गांवों का संपर्क टूटा
अन्य कच्चे मकानों पर भी मंडरा रहा खतरा
सारंडा के दुर्गम ग्रामीण इलाकों में आज भी बड़ी संख्या में गरीब आदिवासी परिवार कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अधिकांश परिवार पक्के मकान का निर्माण नहीं करा पा रहे हैं। बारिश के मौसम में इन घरों की दीवारों में पानी समा जाने से उनके गिरने का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को तिरपाल, खाद्य सामग्री, आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए, ताकि लगातार हो रही बारिश के बीच उन्हें राहत मिल सके।



























