समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में पेयजल, पेंशन, आवास, भूमि विवाद सहित कई मामलों पर नागरिकों ने सौंपे आवेदन
शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन पर उपायुक्त का जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जन शिकायत निवारण दिवस में पेयजल समस्या, जन्म प्रमाण पत्र, आर्म्स लाइसेंस, नाला एवं जल निकासी, भूमि संबंधी विवाद, पेंशन, आवास, राशन, विद्युत आपूर्ति, सड़क एवं नाली निर्माण, अतिक्रमण, राजस्व एवं दाखिल-खारिज, जाति एवं आय प्रमाण पत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा तथा सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़े मामलों को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन प्रस्तुत किए गए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सरकारी जमीन पर बने मालगोदामों पर प्रशासन सख्त, कार्रवाई के लिए चिपकाया नोटिस
विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं पहुंचीं उपायुक्त के समक्ष
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण या विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता हो, वहां संबंधित अधिकारी आपसी सहयोग स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ लोगों की शिकायतें सुनने तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।



























