तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह, सड़क पर गिरे दोनों घायल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र के किरीबुरू स्थित प्रॉस्पेक्टिंग चौक पर रविवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार, किरीबुरू टाउनशिप निवासी संदीप दयाल नशे की हालत में तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल चला रहा था। इसी दौरान उसने प्रॉस्पेक्टिंग निवासी 16 वर्षीय किशोरी शनि नाग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक नशे में था और वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : स्कूल चले हम अभियान को मिला बल, जादूगोड़ा में बच्चों के बीच सामग्री वितरण
पुलिस की तत्परता से समय पर मिला इलाज, दोनों खतरे से बाहर
घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से सेल अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से दोनों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि बाइक चालक संदीप दयाल को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।






















