झामसंसं की बैठक में सेल प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप, अस्पताल से लेकर ठेका मजदूरों के मुद्दे उठे
सेल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी, पुतला दहन की घोषणा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (झामसंसं) के यूनियन कार्यालय में बुधवार देर शाम मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। इस दौरान मजदूरों से जुड़े लंबित मामलों पर चर्चा करते हुए सेल प्रबंधन से शीघ्र समाधान की मांग की गई। बैठक में गुवा सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, अस्पताल एवं शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, नया एक्स-रे मशीन लगाने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
इसे भी पढ़ें : Potka : नुतनडीह में 3.10 एकड़ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का खुलासा
स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और अस्पताल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग तेज

बैठक में मधुमेह मरीजों के लिए अलग डाइट व्यवस्था, नया एंबुलेंस उपलब्ध कराने, सफाई कर्मियों की बहाली, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता और लंबे समय से लंबित सिविल कार्यों को शुरू करने की मांग भी रखी गई। संघ ने कहा कि बारिश के मौसम में मजदूर क्वार्टरों की छतों से पानी टपकने और गंदा पानी घरों में घुसने की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है, जिसका स्थायी समाधान आवश्यक है। इसके अलावा इस्को मध्य विद्यालय में एडॉप्ट शिक्षक की नियुक्ति तथा गुवा डीएवी पब्लिक स्कूल में लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थान पर नए शिक्षकों की नियुक्ति का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया।
इसे भी पढ़ें : Chandil : वज्रपात पीड़ित परिवारों से मिलीं विधायक सविता महतो, बंधाया ढांढस
क्वार्टर, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर मजदूरों की चिंता
संघ के पदाधिकारियों ने रिट्रेंचमेंट बेनिफिट के बकाया भुगतान और कोबरा सिक्योरिटी गार्डों के लंबित भुगतान पर भी चर्चा की। ठेका मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा गया कि सेल प्रबंधन ने 500 ठेका मजदूरों की बहाली का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक केवल 18 लोगों की ही नियुक्ति हुई है। साथ ही ठेकेदारों द्वारा न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान, समय पर वेतन नहीं देना तथा फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के जरिए मजदूरी निकासी जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। मजदूरों के लिए 500 नए क्वार्टर बनाने और सेमी-स्किल्ड एवं स्किल्ड श्रमिकों के लंबित भुगतान को तत्काल जारी करने की भी मांग उठी।
इसे भी पढ़ें : Chandil : झामुमो-कांग्रेस सरकार छात्रों पर मुकदमे दर्ज कर कर रही प्रताड़ित – आदित्य साहू
ठेका मजदूरों की बहाली और बकाया भुगतान को लेकर बढ़ा दबाव
केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि इन सभी समस्याओं को लेकर सेल प्रबंधन के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं और हर बार समाधान का आश्वासन मिला है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रबंधन का रवैया नहीं बदला तो जल्द ही सेल के खिलाफ व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। इसके तहत जनरल ऑफिस के समक्ष प्रदर्शन और प्रबंधन का पुतला दहन भी किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सीजीएम चंद्रभूषण कुमार इन मुद्दों पर मौन हैं। बैठक में महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, राजेश यादव, पदमा केसरी, आरती होरो, संजय सांडिल, प्रशांत चाम्पिया सहित बड़ी संख्या में सेलकर्मी, ठेका कर्मी और ग्रामीण उपस्थित थे।



























