लगातार बारिश और तेज बहाव से सड़क संपर्क पर संकट, ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की उठाई मांग
कारो नदी पुल का एप्रोच सड़क क्षतिग्रस्त, आवागमन हुआ जोखिम भरा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : कोल्हान और सारंडा जंगल क्षेत्र को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर बुन्डू और रोवाम गांव के बीच कारो नदी पर बने पुल का एप्रोच सड़क गंभीर खतरे की स्थिति में पहुंच गया है। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण एप्रोच सड़क का लगभग आधा हिस्सा कटकर बह गया है, जिससे पुल से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और नदी का जलस्तर बढ़ा तो सड़क का बचा हुआ हिस्सा भी बह सकता है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा। इस मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से कोल्हान के टोंटो और आराहासा प्रखंड के साथ-साथ सारंडा क्षेत्र के गंगदा पंचायत के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति ने लोगों की दैनिक गतिविधियों और आवागमन को प्रभावित कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : Potka : विधायक संजीव सरदार के निर्देश पर हरकत में आया प्रशासन
सड़क क्षतिग्रस्त होने से साप्ताहिक हाट और ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित

रोवाम गांव में प्रत्येक गुरुवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट में कोल्हान क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसान और ग्रामीण कृषि उत्पाद तथा वन उपज लेकर पहुंचते हैं। लेकिन सड़क के क्षतिग्रस्त होने के कारण अब हाट तक वाहनों का पहुंचना मुश्किल हो गया है। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बाजार व्यवस्था और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है। कांग्रेस प्रखंड उपाध्यक्ष राजेश पुरती, पंचायत अध्यक्ष रविन्द्र पुरती, समाजसेवी गाली पुरती, विजय अंगरिया, मोरन सिंह पुरती समेत कई ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल निरीक्षण कर स्थायी और मजबूत मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Potka : हल्दीपोखर में धड़ल्ले से चल रहा अवैध लॉटरी का कारोबार, रोजाना लाखों रुपये के लेन-देन का दावा
टोंटोगड़ा में भी सड़क धंसने का खतरा, ग्रामीणों ने जताई चिंता
इधर सैडल से छोटानागरा जाने वाली मुख्य सड़क पर टोंटोगड़ा के समीप भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। सड़क किनारे निर्मित गार्डवाल दब जाने के कारण मुख्य सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें उभर आई हैं। नीचे की मिट्टी कमजोर पड़ने से सड़क धंसने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो सकता है, जिससे कोल्हान और सारंडा के बीच संपर्क प्रभावित होगा। दोनों स्थानों की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से युद्धस्तर पर सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क संपर्क व्यवस्था सुरक्षित बनी रहे।

























