फुटबॉल प्रतियोगिता के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
दो वर्ष पहले हुई थी गुवा में नियुक्ति, एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेल के खदान क्षेत्र के माइनिंग विभाग में कार्यरत सेल एग्जीक्यूटिव ऑफिसर दिवेंदू दास (32) की शनिवार को हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद सेल प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों और पूरे गुवा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को सेल प्रबंधन की ओर से सेल फुटबॉल मैदान में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें दिवेंदू दास ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। फुटबॉल मैच समाप्त होने के बाद उन्होंने करीब आधे घंटे तक मैदान में आराम किया। इसके बाद वह पैदल अपने आवास की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर मानवाधिकार संगठन ने उठाए सवाल, 90 दिनों की कार्ययोजना की मांग
गुवा में खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान हुई दुखद घटना से क्षेत्र स्तब्ध
घटना की जानकारी मिलते ही सीआईएसएफ जवान मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल गुवा सेल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना उनकी पत्नी को दी गई, जो तुरंत अस्पताल पहुंचीं। सेल अधिकारियों ने बताया कि दिवेंदू दास की नियुक्ति आसनसोल से गुवा सेल में हुई थी और उन्हें यहां कार्यरत हुए लगभग दो वर्ष ही हुए थे। उनकी शादी को भी करीब एक वर्ष ही हुआ था। कम उम्र में हुई इस आकस्मिक मृत्यु ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। माइनिंग विभाग के सहकर्मियों ने उन्हें कर्मठ, मिलनसार और जिम्मेदार अधिकारी बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। सेल प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पूरे गुवा क्षेत्र में इस घटना को लेकर मातम का माहौल है।























