जिला स्तरीय बैठक में लिया गया निर्णय, छात्रों में उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय स्टेयरिंग सह मॉनिटरिंग कमिटी की बैठक में “परखः तैयारी नई उड़ान” कार्यक्रम के तहत अहम निर्णय लिया गया। इसके अनुसार जिले के सभी श्रेणी के विद्यालयों में प्रत्येक माह की 05 तारीख को “खेल दिवस/खेल महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 12 मई 2026 को विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण करने का भी निर्णय लिया गया है। इस खेल महोत्सव के दौरान छात्रों के बीच समसामयिक विषयों पर चर्चा-परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी, जिससे उनके बौद्धिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को खेल के प्रति प्रेरित करना और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
इसे भी पढ़ें : Kiriburu : किरीबुरू लौह अयस्क खदान में सुरक्षा और वैधानिक अनुपालन को लेकर विशेष पहल
नुईया गांव के विद्यालय में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
इसी क्रम में नुईया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में खेल महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को प्रेरित करने के लिए एक ज्ञानवर्धक फिल्म भी दिखाई गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। गोटी-चम्मच दौड़ में पदमा होनहागा प्रथम, इंदु बोयपोय द्वितीय और सुजाता मुंडू तृतीय स्थान पर रहीं। बैलून रेस में अविनाश कुंडल ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि राजा चाम्पिया दूसरे और नर्सिंग चाम्पिया तीसरे स्थान पर रहे। लूडो प्रतियोगिता में अनीश एंड ग्रुप प्रथम, हल्याणी एंड ग्रुप द्वितीय और पदमा एंड ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा। इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य राजेश कुमार दास, गीता महतो, पुनम देवी, अनिता चाम्पिया और साक्षी सिंह सहित शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। इस आयोजन से छात्रों में आत्मविश्वास, टीम वर्क और खेल भावना का विकास हुआ।

























