प्रतिनिधिमंडल ने जिला कल्याण पदाधिकारी से की मुलाकात
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड स्थित मंगलासाई एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में स्थानीय छात्र-छात्राओं को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामाद से मुलाकात की। इस दौरान अनुसूचित जनजाति मोर्चा जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष रमेश वास्के और जिला मंत्री मनोज कुमार सरदार भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित इस विद्यालय का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी बच्चों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। लेकिन पिछले वर्ष चयनित कई छात्रों को पश्चिम सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के अन्य दूरस्थ विद्यालयों में भेजे जाने से अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसे भी पढ़ें : Gua : विद्यालयों में हर माह 5 तारिख को मनाया जाएगा खेल महोत्सव
अधिकारियों ने दिया भरोसा, स्थानीय छात्रों को मिलेगा लाभ
मनोज कुमार सरदार ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए आग्रह किया कि पोटका क्षेत्र के अधिक से अधिक स्थानीय छात्रों का नामांकन मंगलासाई स्थित विद्यालय में ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे अपने क्षेत्र में रहकर शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए बच्चों को दूर-दराज के विद्यालयों में भेजना काफी कठिन होता है। इस पर जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामाद ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि आगामी सत्र में चयन प्रक्रिया के दौरान स्थानीय छात्रों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर मनोज सरदार जूनियर और प्रकाश सरदार सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।


























