कारो नदी किनारे पौधारोपण कार्य में लगे 30 मजदूर और तीन वाचर गार्ड भुगतान के इंतजार में, ग्रामीण मुंडा की अध्यक्षता में हुई बैठक; वन विभाग ने जल्द भुगतान का दिया भरोसा
बकाया भुगतान को लेकर मजदूर एकजुट, आंदोलन की रणनीति पर बनी सहमति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : वन विभाग की ओर से कारो नदी के किनारे कराए जा रहे पौधारोपण कार्य में लगे 30 मजदूरों और तीन वाचर गार्ड को पिछले आठ माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है। लंबे समय से भुगतान लंबित रहने से मजदूरों के सामने परिवार का भरण-पोषण करने की समस्या उत्पन्न हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को नुईया गांव में ग्रामीण मुंडा दुरसू चाम्पिया की अध्यक्षता में मजदूरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मजदूरों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग उनसे लगातार काम करा रहा है, लेकिन आठ महीने बीत जाने के बावजूद मेहनताने का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों ने कहा कि वे सभी रोज कमाने और खाने वाले हैं। उनकी आजीविका पूरी तरह मजदूरी पर निर्भर है। ऐसे में इतने लंबे समय तक मानदेय नहीं मिलने से घर-परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। बच्चों की जरूरतों और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : ईचागढ़ में किसानों के बीच 15 यूनिट बकरियों का वितरण, पशुपालन से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय
आठ महीने से मजदूरी का भुगतान नहीं, आर्थिक संकट से जूझ रहे वन विभाग के श्रमिक
बैठक में सभी मजदूरों ने एकजुट होकर निर्णय लिया कि यदि वन विभाग जल्द से जल्द बकाया मानदेय का भुगतान नहीं करता है तो वे गुवा वन विभाग कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। मजदूरों ने कहा कि दिन-रात मेहनत करने के बावजूद समय पर मजदूरी नहीं मिलना उनके साथ अन्याय है। विभाग को उनकी आर्थिक परेशानियों को समझते हुए भुगतान की दिशा में तत्काल पहल करनी चाहिए। इस संबंध में वन विभाग की आईएफएस अधिकारी अनुराधा मिश्रा से दूरभाष पर संपर्क किया गया। उन्होंने मजदूरों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी के बकाया मानदेय का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ मजदूरों के भुगतान का अलॉटमेंट अभी प्राप्त नहीं हुआ है, जबकि कुछ मामलों में भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने में विलंब हो रहा है। विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मजदूरों का बकाया मानदेय जल्द भुगतान कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Gamharia : गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, भाजपा ने किया थाने का घेराव
वन विभाग ने मजदूरों को दिया भरोसा, जल्द होगा आठ माह के बकाया मानदेय का भुगतान
बैठक में मजदूरों ने विभाग से मांग की कि भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाकर सभी का बकाया मानदेय एकमुश्त जारी किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके। मजदूरों का कहना था कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं होता, तब तक उनकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। बैठक में ग्रामीण मुंडा दुरसू चाम्पिया के अलावा दीपक गागराई, गोरजो चाम्पिया, हरीश हेस्सा, शांति चाम्पिया, सुबनी चाम्पिया, सुमित्रा सिद्धू, दुर्गा चाम्पिया, दंगों चाम्पिया, बिरसा सिद्धू, विशाल विरवा, विजय देवगम, चैतन चाम्पिया, दारू चाम्पिया, गर्दी चाम्पिया, दीपक सिद्धू सहित अन्य मजदूर उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में बकाया मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग की।

























