विधायक ने उपायुक्त और जुस्को महाप्रबंधक से की फोन पर बात
कनेक्शन होने के बावजूद घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के जोजोबेड़ा में पेयजल संकट से परेशान दर्जन भर से अधिक स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से उनके बिष्टुपुर स्थित आवास पर मुलाकात की। लोगों ने उन्हें इलाके में पानी की गंभीर समस्या से अवगत कराते हुए तत्काल समाधान की मांग की। निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी और कई घरों में पानी का कनेक्शन भी दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद नलों से पानी नहीं आ रहा है। वहीं, अधिकांश घरों में अब तक कनेक्शन नहीं पहुंचा है। खासकर जोजोबेड़ा बस्ती में पेयजल की किल्लत काफी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने विधायक को मांग पत्र सौंपते हुए आग्रह किया कि जिस तरह उन्होंने पहले पाइपलाइन बिछवाने की पहल की थी, उसी तरह अब घरों तक नियमित पानी पहुंचाने की व्यवस्था भी कराई जाए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : साइक्लोन अर्णव की बारिश से बहरागोड़ा में धान की फसल पर संकट
पाइपलाइन बिछने के बाद भी जोजोबेड़ा के लोगों को नहीं मिल रहा पानी
स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनने के बाद सरयू राय ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और जुस्को के महाप्रबंधक संजीव झा से फोन पर बातचीत की। उन्होंने दोनों अधिकारियों से जोजोबेड़ा के लोगों की पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जलापूर्ति सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। गौरतलब है कि जमशेदपुर पूर्वी के विधायक रहते हुए सरयू राय ने जोजोबेड़ा क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए जुस्को पर पहल और दबाव बनाया था। इसके बाद लोगों को पानी का कनेक्शन लेने के लिए आवेदन फार्म वितरित किए गए थे। कई निवासियों ने आवेदन भी जमा किए और कुछ घरों में कनेक्शन लगा दिए गए। हालांकि, अधिकांश घर अब भी कनेक्शन से वंचित हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद इस दिशा में जुस्को की सक्रियता कम हो गई, जिससे समस्या बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Gua/Chaibasa : डीएवी गुवा के रोहित गागराई ने राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में जीते दो स्वर्ण पदक
स्थानीय लोगों ने मांग पत्र सौंपकर नियमित जलापूर्ति की उठाई मांग
विधायक से मिलने पहुंचे लोगों में दीपक कुमार, गीता देवी, मनोज राम, उर्मिला देवी, छोटेलाल कामत, सूरज कुमार, पवन सिंह, सविता देवी, रोहित कामत, सागर सिंह, रजनीश सिंह, कमलेश सिंह, दीपक शर्मा और महादेव कामत शामिल थे। सभी ने पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि पाइपलाइन और कनेक्शन होने के बावजूद पानी नहीं मिलना उनकी परेशानी बढ़ा रहा है। सरयू राय ने अधिकारियों से बातचीत कर जल्द समस्या दूर करने और प्रभावित परिवारों तक पेयजल पहुंचाने का आग्रह किया है। अब स्थानीय निवासियों को प्रशासन और जुस्को प्रबंधन की ओर से ठोस कार्रवाई का इंतजार है।






















