सुबह छह बजे से धरना-प्रदर्शन, राउरकेला-मनोहरपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें
लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े ग्रामीण, NH-320D निर्माण जल्द पूरा करने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जराईकेला/मनोहरपुर : राउरकेला से जराईकेला तक राष्ट्रीय राजमार्ग-320D (NH-320D) के निर्माण में हो रही देरी से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह छह बजे जराईकेला में सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से सड़क निर्माण का काम अधूरा पड़ा है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क जाम होने के कारण राउरकेला-मनोहरपुर मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल उड़ती रहती है। इससे स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने अधूरे निर्माण को जल्द पूरा करने और धूल की समस्या से राहत दिलाने की मांग उठाई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सिदगोड़ा में बाबा फैंसी स्टोर पर फायरिंग और तोड़फोड़, दहशत में दुकानदार का परिवार
NH-320D निर्माण में देरी से नाराज ग्रामीणों ने जराईकेला में रोका आवागमन
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे बार-बार मिलने वाले मौखिक आश्वासनों से परेशान हो चुके हैं। उनका कहना है कि जब तक राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और संबंधित संवेदक की ओर से निर्माण कार्य पूरा करने को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। सड़क जाम की सूचना मिलने पर सुंदरगढ़ जिले के बिसरा थाना पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीणों की मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकलने के कारण आंदोलन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य में तेजी लाने, जर्जर सड़क की स्थिति सुधारने और नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने की मांग की। अब ग्रामीणों की नजर विभाग और संवेदक की ओर से मिलने वाले लिखित आश्वासन पर टिकी है।
























