चांडिल के पाटा टोल प्लाजा के समीप चला विशेष वाहन जांच अभियान
सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त, NH-33 पर आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला-खरसावां : जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने NH-33 टाटा-रांची मार्ग पर नो पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटा टोल प्लाजा के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी शांकरचार्य सामद के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान संचालित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे और प्रतिबंधित स्थानों पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान के क्रम में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कुल 92,650 रुपये (बानवे हजार छह सौ पचास रुपये) का जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप देखा गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शॉर्ट सर्किट से लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
NH-33 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग सख्त, हजारों का जुर्माना
जिला परिवहन पदाधिकारी शांकरचार्य सामद ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत पार्किंग यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या है। सड़क किनारे विशेषकर भारी वाहनों को खड़ा करने से दूसरे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। इसके कारण कई बार सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्धारित नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करना यातायात नियमों का उल्लंघन है। वाहन चालकों और परिवहन संचालकों को चाहिए कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। इसके साथ ही वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर के बिरसानगर में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 90 एटीएम कार्ड और 50 मोबाइल बरामद
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने से बढ़ता है हादसों का खतरा, परिवहन पदाधिकारी ने दी चेतावनी
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। खासकर NH-33 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।























