हाई जंप और ट्रिपल जंप में हासिल किया पहला स्थान, 20 राज्यों के खिलाड़ियों के बीच दिखाया दमखम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा/चाईबासा : डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, गुवा के कक्षा दसवीं ‘बी’ के छात्र रोहित गागराई ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और पश्चिमी सिंहभूम जिले का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित डीएवी राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के अंडर-19 बालक वर्ग में रोहित ने ऊंची कूद (हाई जंप) और त्रिकूद (ट्रिपल जंप) स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में देश के 20 राज्यों के डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच दो स्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त कर रोहित ने अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया। उनकी इस दोहरी सफलता से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : किरीबुरू क्वार्टर चोरीकांड का खुलासा, तीन और आरोपी गिरफ्तार
दो स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय लौटे रोहित का हुआ भव्य स्वागत
प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिसर में रोहित का बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। उनकी इस उपलब्धि के पीछे नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और खेल शिक्षक विनोद साहू का कुशल मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार ने रोहित को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण पदक जीतना उसकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का शानदार परिणाम है। इस उपलब्धि से डीएवी गुवा के साथ पूरा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने खेल शिक्षक विनोद साहू के अलावा एस्कॉर्ट शिक्षकों पवन कुमार और रोशन कुमारी के योगदान की भी सराहना की। प्राचार्य ने विश्वास जताया कि रोहित भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के दम पर खेल जगत में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला में दो रोजगार शिविरों का आयोजन, 55 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए किया गया शॉर्टलिस्ट
प्राचार्य और शिक्षकों ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
रोहित के वर्ग शिक्षक बादल दास ने भी उसकी सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस उपलब्धि को विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। रोहित की सफलता से स्कूल के छात्र-छात्राओं में भी उत्साह है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि उसकी उपलब्धि से दूसरे विद्यार्थी भी पढ़ाई के साथ खेलकूद में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने रोहित को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।






















