घर का दरवाजा तोड़ने पर सीलिंग फैन से लटका मिला 16 वर्षीय किशोरी का शव
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान निवासी सोमा तिरिया की 16 वर्षीय पुत्री सराज तिरिया ने शनिवार देर शाम अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय किशोरी के माता-पिता घर से बाहर टहलने गए हुए थे। कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो आसपास के लोगों को बुलाया गया। इसके बाद लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा। दरवाजा खुलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों के होश उड़ गए, क्योंकि घर के अंदर सराज तिरिया का शव सीलिंग फैन से फंदे के सहारे लटका हुआ था।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : सोना देवी विश्वविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस पर आठ दिवसीय कार्यक्रम का हुआ भव्य समापन
दरवाजा तोड़ने के बाद सामने आया दर्दनाक दृश्य
घटना की सूचना मिलते ही बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका के माता-पिता ने पुलिस को बताया कि सराज की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं रहती थी और वह अक्सर परेशान रहती थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं आसपास के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।


























