- मानगो बस स्टैंड के पास छापेमारी, बिहार और पश्चिम बंगाल ले जाने की थी तैयारी
- गिरफ्तार आरोपियों से नकद और मोबाइल भी बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
- पुलिस जांच में जुटी, अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह के खुलासे की संभावना
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मानगो बस स्टैंड गेट नंबर-5 के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक शौचालय के पास गांजा खरीदकर उसे बिहार और पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और शुक्रवार सुबह करीब 3 बजकर 35 मिनट पर मौके पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्ध युवकों को मौके से पकड़ लिया और उनकी तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल धर्मडीह का 10वां वार्षिक उत्सव, बच्चों ने मंच पर बिखेरा प्रतिभा का जलवा
नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज, बस स्टैंड के पास छापेमारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के नदिया जिला निवासी विश्वजीत विश्वास और बिहार के नवादा जिला निवासी मो. ताबिज शामिल हैं। तलाशी के दौरान विश्वजीत विश्वास के पास से करीब 17 किलो गांजा, 5 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं मो. ताबिज के पास से करीब 9 किलो गांजा, 1800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन मिला। इस तरह दोनों के पास से कुल करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और गांजा की आपूर्ति कहां से हो रही थी।






















