400 घरों तक पानी पहुंचाने में सहयोग के लिए नागरिकों ने जताया आभार
अंगवस्त्र और बुके भेंट कर किया सम्मान
पेयजल व्यवस्था बेहतर होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सफीगंज मोहल्ला के नागरिकों ने जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। जुगसलाई नगर परिषद रेट पेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सरदार शैलेंद्र सिंह, प्रभारी पार्षद बंटी सिंह और सुदर्शन तिवारी के नेतृत्व में नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर परिषद कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सफीगंज मोहल्ला के लगभग 400 घरों तक नई 4 इंची पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित कराने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया। नागरिकों ने कहा कि नई पाइपलाइन बिछने से वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान हुआ है और क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिली है। इस अवसर पर लोगों ने नगर परिषद प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनहित के कार्यों को जारी रखने की उम्मीद जताई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उपायुक्त ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश, मत्स्य, दुग्ध और कृषि विकास पर विशेष जोर
जुगसलाई के विकास कार्यों में सहयोग की अपील
सम्मान समारोह के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने सभी नागरिकों का धन्यवाद देते हुए जुगसलाई के विकास कार्यों में जनसहभागिता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से क्षेत्र का समग्र विकास और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। वहीं सरदार शैलेंद्र सिंह ने जिला उपायुक्त राजीव रंजन, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता सुमन कुमार, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान, उपाध्यक्ष अर्चना दुबे तथा सभी पार्षदों और सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बंटी सिंह, सुदर्शन तिवारी, रविशंकर सिंह, संजय सिंह, अमनजीत सिंह, सूरज प्रताप सिंह, छोटू वर्मा, नितेश सिंह, विजय कुमार, ममता उपाध्याय, पवन सिंह, सनी वालिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।























