पुलिस ने हथियार व कारतूस के साथ दबोचे आरोपी, तकनीकी जांच से खुला राज
तकनीकी जांच और छापेमारी से मिली बड़ी सफलता
पुलिस की सख्त कार्रवाई, अन्य मामलों की जांच जारी
पुलिस ने अवैध हथियार नेटवर्क पर कसा शिकंजा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के मिश्रा बागान में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। घटना 8 मई 2026 की रात की बताई जा रही है, जब इलाके में अचानक फायरिंग से दहशत फैल गई थी। जांच में सामने आया कि यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम था। करीब एक वर्ष पूर्व संदिप पांडेय द्वारा फुचू उर्फ रितेश कुमार सिंह के साथ मारपीट कर उसका हाथ-पैर तोड़ दिया गया था, जिसका बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पोटका के सुदूर गांवों में पहुंचा डालसा का न्याय रथ, ग्रामीणों को दी गई विधिक जानकारी
पुरानी रंजिश में फायरिंग की घटना से फैली दहशत
मामले में टेल्को थाना कांड संख्या 68/26 दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर 9 और 10 मई की रात बिरसा मुंडा जैम्को से सलगाजोरी फाटक जाने वाली कच्ची सड़क किनारे स्थित एक झोपड़ी में छापेमारी कर पुलिस ने सोनू झा और रितेश कुमार सिंह उर्फ फुचू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सोनू झा ने स्वीकार किया कि वह सहरसा टाउन के पास से अवैध हथियार खरीदकर उसकी बिक्री करता था और पूर्व में भी कदमा निवासी मनोज कुमार को हथियार बेचा था, जो गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी रह चुका है। पुलिस ने बताया कि सोनू झा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में बिष्टुपुर थाना के हत्या मामले में जेल जा चुका है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : भव्य कलश यात्रा के साथ गोपालपुर में श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ
अवैध हथियार कारोबार का पुलिस ने किया भंडाफोड़
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है। छापेमारी दल में सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी, टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद समेत कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि इलाके में अवैध हथियारों की सप्लाई और आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में राहत की भावना है, जबकि पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।























