शिव मंदिर मैदान में पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन, श्रीराम के जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल
स्वामी हंसाराम गिरी महाराज ने श्रीराम कथा से भक्तों को कराया भावविभोर
श्रीराम कथा सुनने उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : गोपालपुर शिव मंदिर मैदान में रविवार से पांच दिवसीय श्रीमद भागवत कथा एवं श्रीराम कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भुरकाडीह तालाब से निकाली गई कलश यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कुंवारी कन्याओं और महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने कलश में जल भरकर जय श्रीराम के नारों के साथ कथा स्थल तक यात्रा निकाली। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और धार्मिक नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। सामाजिक कार्यकर्ता नवरंजन भक्त बजरंग बली का पताका लेकर सबसे आगे चल रहे थे। कलश यात्रा में गोपालपुर, बनडीह, भुरकाडीह और कालापत्थर समेत कई गांवों की महिलाओं ने हिस्सा लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। तालाब में भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना भी की गई।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : लोकल बोर्ड इलाके में भीषण आग, सात दुकानें जलकर राख
धार्मिक आयोजन से गांवों में बना भक्तिमय वातावरण
देर संध्या हरिद्वार से आए स्वामी हंसाराम गिरी महाराज ने श्रीराम कथा का रसपान कराते हुए भक्तों को धर्म, भक्ति और मानवता का संदेश दिया। कथा सुनने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। सामाजिक कार्यकर्ता नवरंजन भक्त ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा लोगों को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में नव रंजन भक्त, भोलू भक्त, बीरू राम भक्त, भूदेव भक्त, मानिक प्रामाणिक समेत ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।























