- संवेदनशील इलाकों में बढ़ी निगरानी, ग्रामीणों से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर झाड़ग्राम जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सख्त कर दिया गया है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने जिले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। केंद्रीय सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम लगातार गश्त और रूट मार्च कर रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। बुधवार को गोपीबल्लवपुर थाना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर रूट मार्च निकाला गया। एसडीपीओ परवेज सरफराज और थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल और केंद्रीय जवानों ने बांकरा, चिटामाटिया, गोपालपुर, तेतुलिया और टोपगेड़िया सहित कई गांवों में पैदल मार्च किया। सुरक्षा बलों की इस सक्रिय मौजूदगी से क्षेत्र में सतर्कता का स्पष्ट संदेश दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई रेलवे फाटक गोलचक्कर पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 80 लीटर अवैध देसी शराब जब्त
ग्रामीणों से बातचीत कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया
रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली और किसी भी तरह की आशंका या समस्या के बारे में पूछताछ की। लोगों से अपील की गई कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सैयद मोहम्मद मामदुल्ला हसन ने बताया कि जिले में केंद्रीय बल की दस कंपनियां तैनात की जा चुकी हैं और पुलिस के साथ मिलकर लगातार संयुक्त गश्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसके अलावा झारखंड और ओडिशा की सीमा से सटे इलाकों में दस नाका चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के प्रशासन के बीच समन्वय बैठक भी आयोजित की गई है, ताकि सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। प्रशासन का दावा है कि जिले में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा लिए गए हैं।























