बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी चुने गए नेता, अमित शाह ने किया ऐलान
बंगाल की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही शुभेंदु की ताजपोशी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को अपना नेता चुन लिया है, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी ने शुभेंदु अधिकारी पर भरोसा जताया है। बताया जा रहा है कि शुभेंदु अधिकारी शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आधिकारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की। बैठक के बाद शुभेंदु अधिकारी के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और कई स्थानों पर जश्न मनाया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : डीएवी गुवा में नए प्राचार्य प्रवीण कुमार ने संभाला पदभार, माधवी पांडेय का गुमला स्थानांतरण
बीजेपी की जीत के बाद बंगाल में सत्ता परिवर्तन की तैयारी तेज
शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल की राजनीति का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। उनका जन्म 15 दिसंबर 1970 को पूर्वी मेदिनीपुर जिले के कांथी में एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार में हुआ था। उनके पिता शिशिर अधिकारी लंबे समय तक बंगाल की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। शुभेंदु ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस की छात्र राजनीति से की थी और बाद में ममता बनर्जी के साथ तृणमूल कांग्रेस की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। वर्ष 2020 में उन्होंने टीएमसी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके बाद उन्होंने 2021 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराकर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। इस बार भी उन्होंने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को चुनावी मुकाबले में शिकस्त देकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने अनाथ बेटी सुनीता किस्कू के नामकरण कार्यक्रम में की आर्थिक मदद
नंदीग्राम से भवानीपुर तक शुभेंदु अधिकारी का बढ़ता राजनीतिक प्रभाव
बीजेपी सूत्रों के अनुसार, विधायक दल की बैठक में अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद थे। अमित शाह ने कहा कि विधायक दल की बैठक में सभी प्रस्ताव शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में आए और किसी अन्य नाम का प्रस्ताव सामने नहीं आया। ऐसे में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में उन्हें विधायक दल का नेता घोषित किया गया। सूत्रों के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश कर सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Potka : रंभा कॉलेज में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना के शौर्य को किया गया नमन
अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर लगी मुहर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बीजेपी पश्चिम बंगाल में संगठन को और मजबूत करने का प्रयास करेगी। पार्टी की रणनीति ग्रामीण क्षेत्रों और युवा मतदाताओं पर विशेष फोकस करने की बताई जा रही है। शुभेंदु अधिकारी लंबे समय से बंगाल की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और संगठनात्मक पकड़ के कारण उन्हें बीजेपी का मजबूत चेहरा माना जाता है। बीजेपी नेताओं ने इसे बंगाल की राजनीति में “नए दौर की शुरुआत” बताया है। वहीं, टीएमसी खेमे में इस राजनीतिक बदलाव को लेकर हलचल तेज हो गई है।























