दस दिनों से जारी धरने के बीच समस्याएं सुनीं, जल्द त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित कराने का दिया आश्वासन
ग्रामीणों ने सांसद को सौंपा मांग पत्र
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर के चिरिया क्षेत्र स्थित दुबिल माइंस में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले दस दिनों से आंदोलन कर रहे ग्रामीणों से रविवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित ज्ञापन सांसद को सौंपते हुए समाधान के लिए हस्तक्षेप की मांग की। सांसद ने लगभग एक घंटे तक आंदोलनरत ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी बातों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मानुषमुड़िया में झारखंड आंदोलनकारी सुरेंद्र नाथ हांसदा को श्रद्धांजलि
जल्द होगी प्रबंधन और ग्रामीणों के साथ त्रिपक्षीय बैठक
वार्ता के दौरान इस बात पर सहमति बनी कि जल्द ही एक त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सांसद जोबा माझी, दुबिल माइंस प्रबंधन के प्रतिनिधि तथा ग्रामीण शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य सभी पक्षों के साथ चर्चा कर व्यावहारिक और स्थायी समाधान निकालना होगा। सांसद ने कहा कि संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान संभव है और सभी पक्षों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में ग्रामीणों की मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और समाधान के लिए उचित पहल की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय ने तीन शोधार्थियों को प्रदान की पीएच.डी. उपाधि
रोजगार, मुआवजा और जल सुविधा प्रमुख मांगें
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में दुबिल गांव के स्थानीय बेरोजगार युवक-युवतियों को माइंस में रोजगार में प्राथमिकता देना, करीब 200 युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराना, माइंस से प्रभावित बंजर भूमि का खतियान के आधार पर मुआवजा देना तथा गांव के आठ चापाकलों पर सौर ऊर्जा आधारित जलमीनार स्थापित करना शामिल है। इन मांगों को लेकर ग्रामीण पिछले दस दिनों से दुबिल माइंस के मुख्य गेट के सामने तंबू लगाकर धरने पर बैठे हैं। आंदोलन के कारण माइंस की खनन गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। मौके पर ग्राम मुंडा रामलाल चांपिया, दुलाल आइंद, गुरा मुर्मू, निशा आइंद, सुनील हांसदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।























