प्रदूषण और उड़ते धूलकणों से परेशान ग्रामीणों को मिली राहत, सड़क पर हटाया गया आयरन ओर और कोयला चूर्ण
स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को हो रही थी परेशानी, मुखिया ने उठाई स्थायी समाधान की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में ओवरलोडिंग के कारण फैल रहे प्रदूषण को लेकर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज द्वारा प्रदूषण विभाग से लेकर एनजीटी तक लिखित शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद प्रदूषण विभाग की टीम रेलवे साइडिंग पहुंची और ठेकेदार को तत्काल सफाई अभियान चलाने तथा नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने का निर्देश दिया। इसके बाद रेलवे साइडिंग प्रबंधन की ओर से सड़क पर जमा आयरन ओर और कोयला चूर्ण की सफाई के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान सड़क पर फैले धूलकणों को हटाया गया तथा पूरे मार्ग में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की गई। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोग प्रदूषण और उड़ते धूलकणों से परेशान थे, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था।
इसे भी पढ़ें : Potka : शिक्षा और संस्कृति से ही मानवता की रक्षा संभव – जन्मेजय सरदार
नियमित सफाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों के अनुसार रेलवे साइडिंग से उड़ने वाले धूलकणों के कारण प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों स्कूली बच्चों, यात्रियों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि केवल एक दिन की सफाई से समस्या का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने रेलवे साइडिंग प्रबंधन से नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने और पानी का छिड़काव कराने की मांग की, ताकि लोग गंभीर बीमारियों से बच सकें। उन्होंने कहा कि धूल प्रदूषण के कारण कई लोग स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित हो चुके हैं। यदि लगातार सफाई नहीं कराई गई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।






















