माइनिंग विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिना दस्तावेज बोल्डर ले जा रहा वाहन पकड़ा गया
जिला खनन पदाधिकारी ने कहा- वाहन मालिकों पर लगाया जा रहा है 10 गुना तक जुर्माना
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के मंगलासाईं एवं आसपास के इलाकों में अवैध पत्थर खनन और बिना चालान परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खनन विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। माइनिंग इंस्पेक्टर तथा कोवाली थाना पुलिस द्वारा चलाए गए ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान एक हाईवा को बिना चालान बोल्डर परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद माइनिंग इंस्पेक्टर ने वाहन को जब्त कर कोवाली थाना में रखा। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Potka : मुखिया की शिकायत के बाद हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में चला सफाई अभियान
अवैध खनिज परिवहन रोकने के लिए आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला खनन पदाधिकारी सतीश कुमार नायक ने बताया कि सरकार द्वारा वर्तमान में दो प्रकार के विकल्प लागू किए गए हैं, जिसके तहत एफआईआर दर्ज करने के बजाय वाहन मालिकों पर 10 गुना तक जुर्माना लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना चालान खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाकर सरकारी राजस्व की चोरी को रोकना है। अधिकारियों ने वाहन मालिकों और कारोबारियों से नियमों का पालन करने की अपील भी की है।






















