आर्थिक तंगी के बावजूद 89% अंक हासिल कर बनीं प्रेरणा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : कठिन परिस्थितियों और आर्थिक अभाव के बावजूद पोटका की छात्रा मिली मोदक ने अपनी मेहनत और लगन से एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। बादाम बेचकर अपनी पढ़ाई जारी रखने वाली मिली ने 12वीं की परीक्षा में आर्ट्स संकाय से 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में 15वां स्थान हासिल किया है। प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू उच्च विद्यालय की छात्रा मिली ने सीमित संसाधनों के बावजूद हार नहीं मानी और लगातार संघर्ष करते हुए यह सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : Potka : कॉमर्स में पोटका की दो छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, जिले के टॉप-10 में बनाई जगह
विद्यालय ने किया सहयोग, संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक कहानी
मिली मोदक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं और अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए बादाम बेचने का काम करती थीं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधांशु मंडल ने बताया कि परीक्षा शुल्क भरने में असमर्थ होने पर विद्यालय ने अनुदान के माध्यम से उनकी मदद की। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा प्रतिभाशाली और जरूरतमंद छात्रों के साथ खड़ा रहता है। मिली की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनकी सफलता आज अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है और यह संदेश देती है कि कठिनाइयों के बावजूद मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


























