दीपा पात्र और अदिति सिंह की सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू उच्च विद्यालय की कॉमर्स संकाय की दो छात्राओं ने जिले के टॉप-10 में अपनी जगह बनाई है। दीपा पात्र ने 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि ग्राम प्रधान की पुत्री अदिति सिंह ने 88 प्रतिशत अंक लाकर पांचवां स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। परिजनों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में कंप्यूटर कक्षा का शुभारंभ, 45 युवाओं को मिलेगा डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण
चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का लक्ष्य, विद्यालय का रहा शत-प्रतिशत परिणाम

दोनों छात्राओं का सपना भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करना है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधांशु मंडल ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। आर्ट्स में 129, साइंस में 9 और कॉमर्स में 6 छात्राओं ने 12वीं की परीक्षा दी थी और सभी छात्राएं सफल रहीं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हमेशा से विद्यार्थियों को आगे बढ़ाना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा है। इस सफलता का श्रेय उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों, प्रबंधन समिति और अभिभावकों को दिया। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे पोटका क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।


























