दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों से मिले विधायक, खेल और शिक्षा दोनों पर ध्यान देने की दी सलाह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड अंतर्गत रसूनचोपा पंचायत के लोवाडीह गांव में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर आयोजन समिति के सदस्यों, खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका होती है। विधायक ने खिलाड़ियों से खेल के साथ-साथ शिक्षा पर भी समान रूप से ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि अनुशासन, मेहनत और समर्पण ही सफलता की असली कुंजी हैं।
इसे भी पढ़ें : Chandil : जन्माष्टमी पर आदरडीह में खाटू श्याम बाबा मंदिर निर्माण की रखी गई आधारशिला
गांव के मैदानों से निकलते हैं बड़े खिलाड़ी : संजीव सरदार

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि गांव के मैदानों से ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होते हैं। जरूरत केवल उन्हें सही मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार की विभिन्न खेल योजनाओं के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है। विधायक ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपने प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें : Potka : ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयकारों से गूंजा माटकू, विधायक संजीव सरदार ने की पूजा-अर्चना
सिदो-कान्हू युवा खेल क्लब से मजबूत हो रहा खेल का माहौल
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार सिदो-कान्हू युवा खेल क्लब के माध्यम से गांव-गांव में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने का कार्य कर रही है। पंचायत और ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ खेल मैदानों और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे फुटबॉल टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं और भविष्य में यही खिलाड़ी प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर पोटका का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेलप्रेमी, खिलाड़ी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


























