श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर धार्मिक आयोजन में शामिल होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को पोटका विधानसभा क्षेत्र के माटकू पंचायत में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। पंचायत निवासी अजय पात्रो के आवास पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य रूप से शामिल हुए। उनके पहुंचने पर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। विधायक ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से पोटका विधानसभा क्षेत्र में भाईचारा, सद्भाव और विकास बनाए रखने की प्रार्थना भी की।
इसे भी पढ़ें : Gamharia : रापचा के पास एलपीजी सिलेंडरों से लदा वाहन पलटा, सड़क पर बिखरे 50 से अधिक सिलेंडर
श्रद्धालुओं से मिले विधायक, जन्माष्टमी का दिया संदेश
पूजा-अर्चना के बाद विधायक संजीव सरदार ने कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की तथा सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भजन-कीर्तन, धार्मिक गीतों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। लोगों ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की बधाई देकर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। धार्मिक आस्था के साथ-साथ कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और सामुदायिक सहभागिता की भी झलक देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।



























