टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर हादसे से मची अफरा-तफरी, गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को रापचा के समीप एलपीजी सिलेंडरों से लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। वाहन में 50 से अधिक सिलेंडर लदे होने के कारण हादसे के बाद आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, दुर्घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार वाहन रांची से गम्हरिया स्थित एचपी गैस गोदाम की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन तेज रफ्तार में था और रापचा के पास सड़क किनारे बने गड्ढे की चपेट में आने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वाहन पलट गया और सिलेंडर सड़क पर बिखर गए।
इसे भी पढ़ें : Potka : मुसाबनी डीएसपी की कार्रवाई से बालू तस्करों में मचा हड़कंप, अवैध बालू लदा हाइवा जब्त
हादसे के बाद कुछ देर बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया। सड़क पर बिखरे सिलेंडरों को हटाने का कार्य तत्काल शुरू किया गया। पुलिस की निगरानी में सभी सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया गया, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना या खतरे से बचा जा सके। इस दौरान यातायात को भी व्यवस्थित किया गया और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में 7 सितंबर को होगा विशाल धरना-प्रदर्शन
जांच में जुटी पुलिस, खाली थे सभी सिलेंडर
गम्हरिया थाना के एएसआई विशु उरांव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची थी। सभी सिलेंडरों को सुरक्षित हटाकर दूसरे वाहन में भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दुर्घटना के समय वाहन में लदे सिलेंडरों में गैस नहीं थी, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। यह जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



























