मानदेय वृद्धि, यात्रा भत्ता और बीमा सुविधा समेत कई मांगों को लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचीं कैडर दीदियां
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से जुड़ी आजीविका कैडर दीदियों ने शुक्रवार को अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर मनोहरपुर प्रखंड कार्यालय और जेएसएलपीएस कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। कैडर दीदियों ने अधिकारियों से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से गांव और पंचायत स्तर पर सरकारी एवं गैर-सरकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने, स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने तथा ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद उनके मानदेय में लंबे समय से कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में हिस्सा लेने कोलकाता जाएगा जमशेदपुर का 30 सदस्यीय दल
ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में निभा रही हैं अहम भूमिका
कैडर दीदियों ने ज्ञापन के माध्यम से मानदेय में वृद्धि, कार्यस्थल की दूरी के अनुसार यात्रा भत्ता, अतिरिक्त कार्यों के लिए अलग से मोबाइल खर्च, 20 लाख रुपये का बीमा कवर तथा सरकारी छुट्टियों का लाभ देने की मांग उठाई। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न आजीविका गतिविधियों और सरकारी योजनाओं के सफल संचालन में वे लगातार योगदान दे रही हैं, इसलिए उन्हें उचित मानदेय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इस दौरान मंजू दास, बिनीता गुप्ता, मीना दास, सरस्वती महतो, अंक देवी, बासमती सरदार, निर्मला महतो सहित सीएलएफ स्तर की सभी आजीविका कैडर उपस्थित रहीं और एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।




























