ग्रामीणों का आरोप- सैकड़ों पलास पेड़ काटे गए
अतिक्रमण स्थल पर बने कार्यालय को भी स्वयं तोड़ा
नुतनडीह में 3.10 एकड़ सरकारी जमीन के अतिक्रमण का आरोप, प्रशासन से जांच की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : “जल, जंगल, जमीन की लूट, नहीं किसी को इसकी छूट” के नारे के साथ पोटका के नुतनडीह में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ रविवार को बांगो गांव के ग्रामीणों ने चौपाल लगाई। ग्राम प्रधान फटिक गोप की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में भूतनाथ गोप, अभिरथ गोप, नारायण गोप, सूरत गोप सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अतिक्रमण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर सरकारी जमीन की घेराबंदी में लगी चाहरदीवारी को हटाने का काम शुरू किया जा चुका था। वहीं अतिक्रमण स्थल पर बने स्थायी ईंट के कार्यालय को भी स्वयं तोड़ दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इसी कार्यालय में बैठकर जमीन की घेराबंदी और निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की योजना बनाई जाती थी तथा निर्माण सामग्री भी रखी जाती थी। ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी जांच पूरी होने तक अतिक्रमण से जुड़े अवशेषों को सुरक्षित रखना जरूरी है, ताकि प्रशासन को जांच में वास्तविक स्थिति के साक्ष्य मिल सकें।
इसे भी पढ़ें : Muri : बारेन्दा मोड़ पर हाइवा की चपेट में आये पति-पत्नी, दोनों की मौत
सरकारी जमीन की घेराबंदी के खिलाफ ग्रामीणों ने लगाया चौपाल, जांच तक साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग

ग्रामीणों ने अतिक्रमण स्थल का भ्रमण करने के दौरान झारखंड के राजकीय वृक्ष पलास के सैकड़ों पेड़ों की कटाई किए जाने का भी आरोप लगाया। मौके पर सीमेंट के स्लैब हटाने का काम मजदूरों द्वारा किया जा रहा था, जिसे ग्रामीणों ने तत्काल रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक प्रशासनिक स्तर पर सरकारी जमीन के अतिक्रमण की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक घेराबंदी या उससे जुड़े निर्माण को हटाने की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उनका तर्क है कि मौके की मौजूदा स्थिति जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती है। चौपाल में ग्रामीणों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और पलास पेड़ों की कथित कटाई को गंभीर मामला बताते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि मामले को लेकर उपायुक्त, डीएफओ, एसडीओ और सीओ को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही पलास के पेड़ काटने के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Chandil : रैनबो छात्रावास से फिर भागे छह बच्चे, 12 घंटे बाद अभिभावकों को मिली सूचना
पलास के पेड़ काटने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप, अधिकारियों को ज्ञापन देने का निर्णय
बताया गया कि धीरोल पंचायत के बांगो गांव के टोला नुतनडीह में जमशेदपुर के शांति मिश्र, प्रिया वर्मा और अपर्णा कुमारी द्वारा 3.59 एकड़ रैयत जमीन खरीदने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके अतिरिक्त करीब 3.10 एकड़ सरकारी जमीन पर भी अतिक्रमण कर घेराबंदी कर दी गई। इसी मामले को लेकर ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। रविवार को आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी जमीन को किसी भी परिस्थिति में निजी उपयोग के लिए कब्जे में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सरकारी जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और यदि अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने पलास पेड़ों की कथित कटाई की भी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ वन कानून के तहत कार्रवाई की मांग उठाई। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर है।


























