लेटेमदा गांव में रात के समय हाथी का हमला, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात करीब 9 बजे लेटेमदा रेलवे स्टेशन के समीप गणेश मंदिर के पास एक जंगली हाथी ने ग्रामीण उत्तम महतो के मकान को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार हाथी अचानक गांव में घुस आया और घर की दीवारें तोड़ते हुए अंदर रखा अनाज भी बर्बाद कर दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बुजुर्ग गंभीर घायल
ग्रामीणों ने वन विभाग से की स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि कुकड़ू प्रखंड में पिछले कई दिनों से हाथियों की लगातार आवाजाही हो रही है, जिससे लोग हर रात जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। हाथियों द्वारा फसल, मकान और अन्य संपत्ति को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। घटना की सूचना चांडिल वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ-साथ हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए स्थायी दस्ता तैनात करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।



























