बारिश के दौरान खेत के आसपास थीं दोनों महिलाएं, प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बारिश के बीच अचानक गिरी बिजली, मौके पर गई दोनों की जान
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए, मुआवजे की पहल
वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की प्रशासन ने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : कुकड़ू प्रखंड के पांडरा गांव में रविवार दोपहर बारिश के दौरान हुए वज्रपात से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान सोना मनी महतो (46), पति आशीर्वाद महतो तथा मुक्ता महतो (27), पति पुईतु महतो के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों महिलाएं बारिश के दौरान खेत के आसपास थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। वज्रपात की घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी, जिसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
इसे भी पढ़ें : Potka : कोवाली के बानाकाटा हत्याकांड का एक सप्ताह में खुलासा, प्रेम प्रसंग में 1.80 लाख की सुपारी देकर की गई थी हत्या
पांडरा में वज्रपात से दो महिलाओं की मौत के बाद प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने घटना पर संज्ञान लेते हुए स्थानीय प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने दोनों दिवंगत महिलाओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि बारिश और वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतें। खुले खेतों में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने तथा बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचें। प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

























