संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने शहीद वेदी पर किया नमन
जल-जंगल-जमीन की रक्षा का लिया संकल्प
शहीदों की स्मृति में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों की स्मृति में मंगलवार को सारंडा के सलाई तथा गोइलकेरा प्रखंड के डेरवां चौक स्थित शहीद वेदी पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा माझी एवं मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शहीद वेदी पर विधिवत पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़ा और शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और झामुमो के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल श्रद्धा और सम्मान से ओतप्रोत रहा, जहां लोगों ने शहीदों की कुर्बानी को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने की प्रतिबद्धता जताई।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : कुकड़ू के पांडरा गांव में वज्रपात से दो महिलाओं की मौत, गांव में पसरा मातम
जोबा माझी ने एकता और अधिकारों की रक्षा का दिया संदेश
सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके संघर्षों और बलिदानों के उद्देश्यों को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारों और जनहित के मुद्दों के लिए लोगों ने आंदोलन किया और अपने प्राण न्योछावर किए, उन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही क्षेत्र के लोगों के अधिकारों और हितों की रक्षा संभव है। सांसद ने जल, जंगल और जमीन को आदिवासी एवं मूलवासी समाज की पहचान बताते हुए इसकी सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
इसे भी पढ़ें : Potka : कोवाली के बानाकाटा हत्याकांड का एक सप्ताह में खुलासा, प्रेम प्रसंग में 1.80 लाख की सुपारी देकर की गई थी हत्या
जल-जंगल-जमीन की रक्षा को लेकर दोहराया संकल्प
विधायक जगत माझी ने अपने संबोधन में कहा कि जल, जंगल और जमीन से ही क्षेत्र के लोगों का अस्तित्व जुड़ा हुआ है और इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उन्हें प्राकृतिक संसाधनों पर उनका अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, प्रखंड अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, संजीव गंताइत, राजू सिंह, विक्रम सिंह, किशोर कुमार खलखो, चंचल रवानी, सुखराम सांडिल, बामिया माझी, मोहम्मद तबारक, सुखमती कोड़ा, जानकी हेम्ब्रम, निखिल साह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


























