- छह दिनों से लापता 25 वर्षीय युवक, प्रशासन से तेज कार्रवाई की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : रांची के सोनाहातू प्रखंड अंतर्गत तेलवाडीह पंचायत के डोमाडीह गांव निवासी हरिहर महतो (25 वर्ष), पिता सोहन लाल महतो, बीते छह दिनों से लापता हैं। परिजनों के अनुसार हरिहर महतो 31 जनवरी 2026 की शाम लगभग 6 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो 03 फरवरी 2026 को सोनाहातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। हरिहर महतो के अचानक लापता होने से पूरा परिवार सदमे में है। बताया जा रहा है कि हरिहर का 26 दिन का नवजात पुत्र है, ऐसे में पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार प्रशासन से जल्द से जल्द युवक का पता लगाने की गुहार लगा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भालूबासा में भिखारी के भेष में आई दो महिलाएं चोरी करते रंगे हाथ पकड़ी गईं
देवेंद्र नाथ महतो ने थाना प्रभारी से की मुलाकात
लापता युवक की सूचना मिलने पर ‘झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा’ के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और सोनाहातू थाना पहुंचकर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप से मामले की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। देवेंद्र नाथ महतो ने पुलिस से इस संवेदनशील मामले में त्वरित और गंभीरता से कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह मामला मानवीय दृष्टिकोण से बेहद गंभीर है और प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर खोजबीन तेज करनी चाहिए। थाना प्रभारी से हुई वार्ता के दौरान अर्जुन महतो, अशोक महतो, प्रदीप महतो सहित पीड़ित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।























