- कूप निर्माण की राशि आवंटन के एवज में मांग रहा था 7 हजार रुपये
- शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पलामू : पलामू भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक पंचायत रोजगार सेवक को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार राम के रूप में हुई है, जो नौडीहा बाजार प्रखंड में पदस्थापित है। जानकारी के अनुसार, कूप निर्माण की राशि आवंटित करने के एवज में आरोपी द्वारा सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। इस संबंध में लाभार्थी ने पलामू एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने धावा दल का गठन कर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुरेश जाना का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
रिश्वत लेते ही दबोचा, हाथ धुलाने पर बदला पानी का रंग
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार को जैसे ही लाभार्थी ने पंचायत रोजगार सेवक को सात हजार रुपये रिश्वत दी, पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी का हाथ धुलवाया गया, जिसमें पानी का रंग बदल गया और रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसीबी की टीम आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ मेदिनीनगर ले गई। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।























