- पुष्पांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के झरिया मोड़ स्थित बाबा तिलका मांझी चौक पर बुधवार को भारतीय स्वाधीनता संग्राम के आदि विद्रोही बाबा तिलका मांझी की 276वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सह झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा पर पुष्प व माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा तिलका मांझी का संघर्ष और बलिदान आज भी अन्याय के विरुद्ध लड़ने की प्रेरणा देता है। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पूरे समारोह स्थल पर ‘बाबा तिलका मांझी अमर रहें’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा और माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
इसे भी पढ़ें : Muri : सिल्ली सीएचसी को मिली बीएमडी मशीन, हड्डी रोग जांच होगी आसान
पूर्व विधायक ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, खेल और संस्कृति के संगम से सजी जयंती
आयोजन समिति ने जयंती समारोह को भव्य रूप देते हुए इसे सांस्कृतिक और खेल उत्सव के रूप में आयोजित किया। पारंपरिक नृत्य और गीतों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध आदिवासी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई। युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पूर्व मुखिया सह मुख्यपति सोमाय हाँसदा, नायके बाबा जीत राय हाँसदा, करण बेसरा, विधान हाँसदा, चतुर सोरेन और समीर सोरेन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को नई ऊर्जा प्रदान की।























