- मानदेय बढ़ाने की मांग के बीच जयकिशोर सिंह पर मारपीट, वीडियो वायरल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : करीब सात हजार लोकल वाहन चालकों के प्रस्तावित चक्का जाम आंदोलन से पहले माहौल एक बार फिर तनावपूर्ण हो गया है। बुधवार से शुरू होने वाली हड़ताल के बीच लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह पर दोबारा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि धरना स्थल पर पहुंचने के दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने बीच सड़क पर उनके साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इससे पहले मंगलवार रात बर्मामाइंस स्थित यूनियन कार्यालय के पास भी करीब बीस की संख्या में हमलावरों ने उन पर हमला किया था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोलमुरी थाना से 50 मीटर दूर दिनदहाड़े फायरिंग, युवक गंभीर
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मारपीट का वीडियो, हड़ताल से पहले बढ़ा तनाव
घायल अवस्था में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बावजूद जयकिशोर सिंह बुधवार को आंदोलन को सफल बनाने के उद्देश्य से धरना स्थल पहुंचे थे, जहां फिर उन पर हमला हुआ। उन्होंने आरोप लगाया है कि कंपनी के एक पदाधिकारी से जुड़े लोग और कुछ वेंडरों ने मिलकर यह हमला कराया है, ताकि लोकल ड्राइवरों के मानदेय बढ़ाने की मांग को कमजोर किया जा सके। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।























