- आधे-आधे घंटे के अंतराल पर तीन राउंड चली गोली, पुलिस ने बरामद किया देसी कट्टा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीगोड़ा इलाके में बुधवार देर रात फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार मुन्ना सिंह के बेटे धर्मेन्द्र ने करीब आधे-आधे घंटे के अंतराल पर तीन राउंड फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने लोगों से पूछताछ भी की और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : काशीडीह में पानी फेंकने के विवाद में युवक पर चाकू से हमला, एमजीएम अस्पताल में भर्ती
तलाशी के दौरान घटनास्थल से मिला देसी कट्टा
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। हालांकि फायरिंग करने के बाद आरोपी धर्मेन्द्र मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी धर्मेन्द्र पर इलाके के एक एटीएम का शीशा तोड़ने का आरोप लगा था, जिसकी जांच अभी जारी है। फिलहाल पुलिस फायरिंग के कारणों की पड़ताल कर रही है और इलाके में एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


























