- सुरक्षा टीम की सतर्क निगरानी में जुगसलाई निवासी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टाटा स्टील की सुरक्षा टीम ने कंपनी परिसर में चोरी की घटनाओं पर सख्ती दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। नियमित पेट्रोलिंग और कड़ी निगरानी के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसके पास से भारी मात्रा में चोरी का कॉपर केबल बरामद किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद बाबू (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी, गौरी शंकर रोड का रहने वाला बताया गया है। सुरक्षा कर्मियों ने संदेह के आधार पर उसे रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 35 किलोग्राम इंसुलेटेड कॉपर केबल बरामद हुआ, जिसे वह अवैध रूप से अपने कब्जे में रखे हुए था।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : परसुडीह के बारीगोड़ा में देर रात फायरिंग, इलाके में फैली दहशत
आरोपी को बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंपा गया
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बरामद कॉपर केबल कंपनी परिसर से चोरी किया गया था। सुरक्षा टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में तीन बार पकड़ा जा चुका है और उसे आदतन अपराधी माना जाता है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस चोरी में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है। कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि टाटा स्टील परिसर में चोरी या किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


























