जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 38 वर्षीय सूरज प्रसाद ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार सूरज प्रसाद पिछले कुछ महीनों से गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में थे। करीब छह महीने पहले एक दर्दनाक ट्रेन दुर्घटना में उन्होंने अपने दोनों पैर और एक हाथ गंवा दिए थे। इस हादसे के बाद से उनका जीवन पूरी तरह बदल गया था। शारीरिक रूप से अपंग होने के कारण वे काफी परेशान रहते थे और अक्सर अपने भविष्य को लेकर चिंतित दिखाई देते थे।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : 30 साल बाद राखा माइंस स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, स्थानीय लोगों में खुशी
माना जा रहा है कि इसी मानसिक दबाव और लाचारी के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। गुरुवार सुबह जब उनकी दूसरी पत्नी सोनी कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने सूरज को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा पाया। पास में कीटनाशक की बोतल भी पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से कीटनाशक की बोतल मिली है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा स्टील परिसर में चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 35 किलो कॉपर केबल के साथ आरोपी पकड़ा गया
जांच के दौरान पुलिस ने सूरज का मोबाइल फोन भी जब्त किया, जिसमें एक वीडियो संदेश मिला है। इस वीडियो में सूरज ने अपनी आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों का जिक्र किया है और खुद यह कदम उठाने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार सूरज प्रसाद की दो शादियां हुई थीं। उनकी पहली पत्नी पिंकी सोनारी क्षेत्र में रहती हैं, जबकि वे अपनी दूसरी पत्नी सोनी के साथ कुम्हारपाड़ा में रह रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

























