- घर में मां से कहासुनी के बाद अचानक गायब हुई युवती, पुलिस ने शुरू की तलाश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के अचानक गायब हो जाने से परिवार के लोगों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार गौसनगर स्थित बगदादीया मस्जिद के समीप रहने वाले अफताब अंसारी की 19 वर्षीय पुत्री सोनम परवीन शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से लापता है। परिजनों के मुताबिक सोनम परवीन कपाली स्थित झारखंड पब्लिक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह घर में किसी बात को लेकर सोनम और उसकी मां के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वह घर में ही मौजूद थी, लेकिन कुछ देर बाद जब परिवार के लोगों ने उसे देखा तो वह घर पर नहीं थी। इसके बाद परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में रसोईया संघ की 16वें दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी
परिजनों ने कपाली ओपी में दर्ज कराई शिकायत, लोगों से सूचना देने की अपील
परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी देर तक सोनम की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवती का पता नहीं चला तो उसके माता-पिता कपाली ओपी पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती की तलाश शुरू कर दी है। वहीं युवती के पिता अफताब अंसारी ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को सोनम परवीन के बारे में कोई जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर 9113700458 पर संपर्क कर सूचना दें। परिवार ने लोगों से बेटी को खोजने में मदद की गुहार लगाई है।























