जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह ग्वालापट्टी में शुक्रवार की रात एक युवक ने आपसी विवाद के दौरान गले की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कीताडीह ग्वालापट्टी निवासी अमित सिंह (24) डीवीसी के एक ठेकेदार के अधीन मीटर लगाने का काम करता है। शुक्रवार को वह सुबह से ही नशे की हालत में था और इसी बात को लेकर घर के सदस्यों के साथ उसका विवाद हो रहा था। परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार झगड़ा करता रहा। अमित के भाई बिल्लू सिंह ने बताया कि पूरे दिन घर में विवाद की स्थिति बनी रही। स्थिति को देखते हुए रात करीब साढ़े नौ बजे बागबेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : कपाली से 19 वर्षीय युवती लापता, परिवार ने लोगों से मांगी मदद
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर के सामने परिजनों के साथ बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान अमित सिंह पुलिस बुलाए जाने से नाराज हो गया। गुस्से में आकर उसने अचानक किसी धारदार वस्तु से अपने गले की नस काट ली। घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत उसे संभाला और गंभीर हालत में इलाज के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।























