- महज 16 वर्ष की उम्र में होनहार खिलाड़ी ने दुनिया को कहा अलविदा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : रांची से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां झारखंड महिला थ्रोबॉल टीम की कप्तान और उभरती खिलाड़ी मिलिता टुडू का शुक्रवार को उनके निवास स्थान पर असामयिक निधन हो गया। वह केवल 16 वर्ष की थीं और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, धालभूमगढ़ की छात्रा थीं। कम उम्र में ही उन्होंने अपने शानदार खेल प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के दम पर राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी। उनके अचानक निधन से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, मिलिता दसवीं की परीक्षा देने के बाद छुट्टियां बिताने अपने गांव रउतारा, धालभूमगढ़ गई थीं, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गुलजार बाग कॉलोनी में गंदे पानी की सप्लाई से हड़कंप, बीमारी का खतरा
अचानक तबीयत बिगड़ने से गई जान, हर ओर शोक की लहर
बताया जा रहा है कि मिलिता को अचानक छाती में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना ने परिवार, मित्रों और खेल प्रेमियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। झारखंड थ्रोबॉल संघ की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी से जुड़े शिक्षक राजेश कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने मिलिता टुडू के निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।






















