- बिना ग्रामसभा योजना चयन पर उठे सवाल, जांच की मांग
- दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के धिरोल पंचायत भवन में चल रहे रंगाई-पुताई एवं मरम्मत कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। करीब 3 लाख 60 हजार रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य पर स्थानीय लोगों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना का चयन बिना कार्यकारिणी की बैठक और ग्रामसभा आयोजित किए ही कर लिया गया, जो पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है। विरोध जताने पहुंचे ग्रामीणों में दीपक मंडल, संजीत भकत, कृपा सिंधु भकत, लक्ष्मी पोदो भकत और विक्की गोप शामिल थे। उनका आरोप है कि 15वीं वित्त आयोग की राशि का गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Muri : मुरी प्रखंड के सीओ के ड्राईवर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
घटिया सामग्री के उपयोग से गुणवत्ता पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत भवन में चल रहे कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि यह सरकारी धन की खुली बर्बादी है। जब ग्रामीणों ने इस संबंध में पंचायत सचिव मुकुलीका हलदर और जूनियर इंजीनियर मनोज महाली से जानकारी लेने की कोशिश की, तो दोनों ने स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। ग्रामीणों ने दोनों अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जल्द ही पोटका बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।























